संभल। सिटी मजिस्ट्रेट ने सिरसी में जींस वाशिंग प्लांट पर छापा मारा तो प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा भूगर्भ जल विभाग से अनापत्ति नहीं मिलने की बात सामने आई। प्लांट की बिजली लाइन कटवाकर सूखी जींस को कमरे में रखवाकर सील करा दिया।
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने सिरसी के मोहल्ला शर्की में एसडी इंटरप्राइजेज जींस वाशिंग प्लांट छापा मारा तो पांच में से तीन वाशिंग मशीनें संचालित मिलीं। एक मशीन को नीचे से घरेलू गैस सिलिंडर द्वारा बर्नर के जरिए गर्म किया जा रहा था। यहां करीब 2000 जींस पाई गईं। वाशिंग प्लांट परिसर में संचालक रफी उल हसन और 10 लोग मिले। संचालक ने जीएसटी पंजीकरण, उद्यम पंजीकरण एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा भू-गर्भ जल विभाग से अनापत्ति प्राप्त करने को किए आवेदन की छायाप्रति प्रस्तुत की। जिससे स्पष्ट हुआ कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा भूगर्भ जल विभाग से अनापत्ति प्राप्त नहीं हुई है।
पांच घरेलू गैस सिलिंडर के व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर पूर्ति निरीक्षक ने आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की। सिटी मजिस्ट्रेट ने प्लांट की बिजली लाइन कटवा दी और करीब 1000 सूखी जींस को कमरे में रखवाकर सील करा दिया। करीब 1000 गीली जींस, मशीनें, जनरेटर आदि को मोहल्ले के लिए व्यक्ति की सुपुर्दगी में दे दिया।