तोल न होने से रजपुरा चीनी में फंसे तमाम ट्रैक्टर। बना रहा जाम का नजारा।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। तोल कांटे में आई तकनीकी खराबी से रजपुरा स्थित डीएसएम ग्रुप की चीनी मिल परिसर में रविवार को शाम जाम लग गया । पांच सौ से अधिक ट्रैक्टर-ट्राली फंस गए। करीब दो घंटे तक अव्यवस्था भरा माहौल बना रहा। इस बीच मिल के अधिकारी और कर्मचारी कांटे को ठीक कराने में जुटे। कांटा ठीक होने पर तोल शुरू हुई और जाम के हालात से लोगों को राहत मिली।
रजपुरा की डीएसएम शुगर मिल में दो नवंबर से सुचारू तरीके से गन्ने की पेराई हो रही है लेकिन रविवार को ढाई से तीन बजे के बीच अचानक तकनीकी खराब आई । जब तोल नहीं हुई तो ट्रैक्टर-ट्राली की लंबी कतार लग गई।
करीब डेढ़ से दो घंटे तक शुगर मिल में अव्यवस्था का माहौल रहा है। प्रधान प्रबंधक गन्ना कुलदीप शर्मा ने बताया कि दिल्ली हेड ऑफिस से नेटवर्क तकनीकी खराब होने की वजह से खाली ट्रैक्टर-ट्राली नहीं तुल पा रहे हैं। इस कारण पेराई प्रभावित हुई है। काफी मशक्कत के बाद करीब चार बजे तोल शुरू कराई गई है।