संभल। सावन महीने के तीसरे सोमवार को कांवड़िये और भक्त शिव मंदिरों में पहुंचकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भक्तों के मार्गों के अलावा मंदिरों पर सुरक्षा एवं निगरानी के प्रबंध किए गए हैं। वहीं यातायात पुलिस रूट डायवर्जन प्वाइंटों से वाहनों को बदले मार्ग से निकाल रही है।संभल जिले के शिव मंदिरों में सोमवार को तड़के से ही भगवान शिव का जलाभिषेक शुरू हो जाएगा। संभल नगर में स्थित सूर्यकुंड मंदिर में भक्त जलाभिषेक और पूजा अर्चना करेंगे। वहीं बहजोई मार्ग पर सरायतरीन में स्थित सिद्धपीठ श्री पातालेश्वर महादेव मंदिर में भी जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। इन मंदिरों पर सुरक्षा को लेकर महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। असमोली क्षेत्र में झारखंडी महादेव मंदिर गुमसानी और फत्तेहपुर भाऊ में स्थित प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में भी जलाभिषेक के साथ बम-बम भेाले के जयकारों की गूंज रहेगी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए हैं। यातायात पुलिस भी रूट डायवर्जन प्वाइंटों पर तैनात होकर वाहनों को निकाल रही है।
0000000
आज सभी स्कूलों में अवकाश
संभल। जिलाधिकारी डाॅ. राजेंद्र पैंसिया ने सावन महीने के तीसरे सोमवार यानी 28 जुलाई को सभी माध्यमिक शिक्षा, बेसिक शिक्षा विभाग (कक्षा नर्सरी से कक्षा 12 तक हिंदी, अंग्रेजी माध्यम के राजकीय, परिषदीय, शासकीय, वित्तविहीन मान्यता प्राप्त) स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। डीएम ने कहा है कि सोमवार को कांवड़ियों द्वारा विभिन्न मंदिरों में जलाभिषेक एवं पूजा अर्चना की जानी है। मुख्य मार्गों एवं नगरों में काफी संख्या में कांवड़ियों के आने जाने से जगह-जगह जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। जिस कारण दुर्घटना होने तथा शांतिभंग होने की संभावना रहती है। संवाद