चंदौसी। 36बी रेलवे फाटक के हाइटगेज में सीमेंट के पाइपों से लदा टेलर ऊंचाई अधिक होने के कारण फंस गया। जिससे चंदौसी से मुरादाबाद व हरदुआगंज की ओर जा रहे दो इलेक्ट्रिक इंजन आधा घंटा तक रेलवे स्टेशन पर खड़े रहे। ट्रेलर के फंसने से यातायात अवरूद्ध हो गया तथा वाहनों की लाइन लग गई। आरपीएफ ने पहुंच ट्रेलर के पहियों की हवा निकाल कर ट्रेलर को निकलवाया। आरोपी चालक व क्लीनर को हिरासत में ले लिया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
जनपद झांसी गांव टिप्पी निवासी चालक आनंद पाल व परिचालक जितेंद्र ट्रेलर में सीमेंट के बड़े पाइप लादकर बिजनौर से कानपुर जा रहे थे। बुधवार की सुबह सवा आठ बजे मुरादाबाद की ओर से आते हुए ट्रेलर 36बी रेलवे फाटक पर पहुंचा और रेलवे फाटक से पहले बने हाईटगेज से गुजर गया। इसके बाद दूसरे हाईटगेज पर जाकर ऊंचाई अधिक होने के कारण फंस गया।
इस दौरान दो इलेक्ट्रिक इंजन भी फाटक से होकर गुजरने थे, फाटक बंद न होने पर उन्हें चंदौसी में प्लेटफार्म पर ही रोक दिया गया। फाटक के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। आरपीएफ भी मौके पर पहुंच गई। ट्रेलर के पहियों की हवा निकालकर उसकी ऊंचाई कम की और करीब आधा घंटे 8.55 बजे ट्रेलर को आगे की ओर निकाला गया। आरपीएफ ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया और चालक, क्लीनर को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। इस दौरान दोनों ओर फाटक पर वाहनों की लाइन लग गई। करीब आधा घंटे के बाद यातयात सामान्य हो सका।
आधा घंटे बाद निकले इलेक्ट्रिक इंजन
चंदौसी। चंदौसी जंक्शन से सुबह 8.25 बजे इलेक्ट्रिक रेल इंजन हरदुआगंज व सुबह 8.35 बजे दूसरा इलेक्ट्रिक रेल इंजन मुरादाबाद जाना था। पर फाटक बंद न होने के कारण दोनों को चंदौसी में प्लेटफार्म पर ही रोक दिया गया। सुबह 8.55 बजे फाटक से ट्रेलर हटाया गया, इसके बाद ही रेलव इंजन गंतव्य की ओर रवाना किये गए।