चंदौसी के बाजार में जाम के दौरान ऐसे परेशान नजर आए लोग।
- फोटो : CHANDAUSI
चंदौसी। नगर के मुख्य बाजार में दिनभर जाम के हालात बने रहे। पैदल चलने वाले राहगीरों को भी काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। नगर पालिका और प्रशासन ने जाम से निजात के लिए कोई व्यवस्था नहीं की। बड़े वाहन भी बाजार में घूमते दिखाई दिए। बड़े वाहनों के घुसने से दिन भर जाम के हालात बनते और बिगड़ते रहे। इस जाम के हालात से उन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा जो लोग खरीदारी करने के लिए बाजार पहुंचे थे।
मंगलवार की सुबह दस बजे से ही फव्वारा चौक, बड़ा बाजार, घंटाघर और संभल गेट में जाम के हालात बनने लगे। यह हालात दोपहर बाद और ज्यादा बिगड़ गए। बड़े वाहनों के बाजार में घुसते ही जाम के हालात और ज्यादा हो गए। इस दौरान खरीदारी करने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दरअसल नगर पालिका और प्रशासन ने जाम से निजात दिलाने की बात कही लेकिन अब तक कोई व्यवस्था नहीं बनाई गई है। त्योहार के सीजन में बाजार में जाम के हालात हैं। यदि जाम के हालात ऐसे ही बने रहे तो दिवाली के सीजन में होने वाली खरीदारी पर असर पड़ेगा।