संभल। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए चल रही प्रवेश प्रक्रिया के लिए राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद ने द्वितीय चरण के बाद अब तीसरा चरण की घोषणा की है। यह प्रक्रिया 28 जुलाई की रात 12 बजे तक जारी रहेगी जहां छात्रों को नवीन विकल्प बदलने का मौका मिल सकेगा।राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, संभल की नोडल प्रधानाचार्या स्तुति गुप्ता ने बताया कि द्वितीय चरण का परिणाम जारी होने के बाद अब तृतीय चरण के लिए विकल्प भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऐसे अभ्यर्थी, जिन्हें अब तक किसी भी चरण में सीट नहीं मिली है या जो अपनी पूर्व चयनित सीट को बदलना चाहते हैं, वे www.scvtup.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। तय समय में अभ्यर्थियों को अपना मोबाइल नंबर, जन्मतिथि एवं वर्ग दर्ज कर दोबारा विकल्प भरने होंगे। जिन अभ्यर्थियों ने पहले से आवेदन किया है, उन्हें नई विकल्प प्रक्रिया में शामिल करने के लिए दोबारा लॉगिन कर विकल्प भरने की सलाह दी गई है। प्रधानाचार्या ने बताया कि सभी को रिक्त सीटों पर नियमानुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। संवाद