संभल। असमोली ब्लाक क्षेत्र के गांव असगरीपुर में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर पूर्ति निरीक्षक ने जांच की। जांच में न सिर्फ तमाम अनियमितताएं मिलीं, बल्कि स्टॉक भी कम पाया गया। जिस पर जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। दुकान का अनुबंध निलंबित कर दिया गया है। कार्डधारकों को राशन के लिए पड़ोस के राशन डीलर की दुकान से अटैच किया गया है।
दरअसल, असमोली ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत असगरीपुर में बुधवार को उचित दर विक्रेता आसमीन के घर से एक पिकअप गाड़ी निकली थी। इसमें ग्रामीणों ने सरकारी होने भरे होने का अंदेशा जताया और इसे बेचने के लिए बाहर ले जाने का आरोप लगाकर पिकअप को घेर लिया। मौके से सप्लाई इंस्पेक्टर और पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई थी। गेंहू से लदी पिकअप को थाने लाया गया। पूर्ति निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव ने इस मामले में जांच की। उन्होंने बताया कि कोटेदार द्वारा तमाम अनियमित्ताएं बरतीं जा रही थीं और दुकान के भौतिक सत्यापन में विक्रेता का स्टॉक कम पाया गया। जिसकी आख्या बनाकर जिलाधिकारी को दी गई थी। डीएम के अनुमोदन के बाद राशन की दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।