चंदौसी (संभल)। धोखाधड़ी के मुकदमे में विवेचक पर साक्ष्य छुपाने का आरोप लगाते हुए भाजपाई बुधवार दोपहर चंदौसी कोतवाली पहुंच गए। यहां मौजूद एएसपी से आरोपों को लेकर बहस हो गई। एएसपी ने हर संभव मदद और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया, तब भाजपाई शांत हुए।
चंदौसी के भाजपा नेता अमित कुमार वार्ष्णेय की पत्नी मंजू वार्ष्णेय ने 10 नवंबर 2023 में मोहन नगर गाजियाबाद के शिवम भल्ला के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसकी विवेचना एसएसआई सदाकत अली कर रहे हैं। आरोप है कि अमित कुमार ने मुकदमे से जुड़े कुछ साक्ष्य विवेचक को उपलब्ध कराए थे। लेकिन विवेचक ने साक्ष्यों को मुकदमे में शामिल नहीं किया। आरोप लगाया कि विवेचक आरोपी को मुकदमे में बचाने का प्रयास कर रहे हैं। विवेचक की कार्यशैली से नाराज होकर बुधवार को पूर्व एमएलसी पप्पू चौधरी, विशाल चौहान, राजकुमार ठाकरे, उमेश सक्सेना, अमित वाष्र्णेय आदि भाजपा नेता चंदौसी कोतवाली पहुंच गए। यहां पहले से बैठे एएसपी श्रीश्चंद् से पूरे प्रकरण को अवगत कराया। उनके सामने ही विवेचक पर साक्ष्य छुपाने और मुकदमे में हीलाहवाली करने का आरोप लगाया। जिसको लेकर एएसपी से भाजपाइयों की बहसबाजी हो गई। हालांकि बाद में एएसपी ने भाजपाइयों को सही जांच का भरोसा दिलाया।