संभल। जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल में शामिल उपद्रवियों की तलाश में सोमवार को एसपी के नेतृत्व में फोर्स ने दीपा सराय में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क के घर के पास के 13 घरों की तलाशी ली। पुलिस को दो घरों से दो तमंचे, दो कारतूस और एक घर से स्मैक के 93 पैकेट बरामद हुए।
सोमवार की शाम करीब चार बजे एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई पुलिस, पीएसी, आरआरएफ और आरएएफ के साथ दीपासराय में पहुंचे। फोर्स ने सांसद के घर के पास के 13 घरों की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को मुल्ला अरशद के घर से स्मैक के 93 पैकेट मिले।
जिसके बाद पुलिस ने मोहल्ले के ही ताजवर और महबर के घर की तलाशी ली। ताजवर के घर से पुलिस ने 315 बोर का एक तमंचा और महबर के घर से 315 बोर का एक तमंचा और दो खोखे बरामद किए। पुलिस महबर को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। कार्रवाई के दौरान एसपी ने ड्रोन कैमरे से क्षेत्र की निगरानी कराई। एसपी ने बताया कि बवाल में दीपासराय के लोग भी शामिल थे। सूचना के बाद 13 घर चिह्नित किए थे। दो घरों से तमंचे और खोखे मिले हैं। कुछ लोग हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।