संभल। सीएचसी संभल से प्रसूता की 24 घंटे भर्ती करने के बजाए छुट्टी कर दी गई थी। प्रसूता की बाद में मौत हो गई थी। इस मामले में प्रसूता के परिजनों ने आरोप लगाया कि प्रसूता की हालत ठीक नहीं थी इसके बाद भी छुट्टी कर दी।
इस मामले में सीएमओ डा. तरन्नुम रजा ने जांच शुरू कराई है। जांच अधिकारी एसीएमओ डा. संतोष कुमार और डा. विश्वास अग्रवाल को बनाया गया है। टीम ने आशा और स्टाफ नर्स के बयान दर्ज किए हैं। रिपोर्ट सीएमओ को भेजी जाएगी। मालूम हो नखासा थाना क्षेत्र के रूकनुद्दीन सराय निवासी नगमा (20) पत्नी फहीम की सोमवार की शाम पांच बजे करीब मौत हो गई थी।
महिला ने सोमवार की दोपहर सीएचसी में मृत शिशु को जन्म दिया था। शाम को चार बजे करीब महिला को सीएचसी से घर भेज दिया गया था। इसके बाद ही हालत बिगड़ी थी। बाद में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां मौत हो गई। महिला के परिजनों ने कहा था कि सीएचसी से छुट्टी दे दी गई। इसी मामले की जांच की जा रही है।