संभल जिला अस्पताल में 17 अक्तूबर को हंगामा करने वाले मरीजों के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। बुधवार को सीएमओ डा. तरन्नुम रजा द्वारा भेजी गई टीम ने शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए हैं। अब आरोपों में घिरे कर्मचारियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद रिपोर्ट सीएमओ को दी जाएगी।
संभल के गांव बड़ा ताजउद्दीन निवासी महिला नगमा ने आरोप लगाया था कि वह लगातार चक्कर लगा रही हैं लेकिन उन्हें हेपेटाइटिस-सी की दवाई नहीं मिल रही है। जबकि जो मरीज रुपये देते हैं उन्हें दवाई मिल जाती है। इस बात पर महिला ने जिला अस्पताल में काफी हंगामा किया था।
अंकित सैनी ने आरोप लगाया था कि हेपेटाइटिस सी की दवाई 900 रुपये देकर मिलती है। इन आरोपों की जांच के लिए ही एसीएमओ डा. पंकज विश्नोई और डा. संतोष पटेल संभल पहुंचे थे। शिकायकर्ताओं को सीएचसी संभल में बुलाकर उनके बयान दर्ज किए गए।
जांच अधिकारी ने बताया कि आरोप जिन कर्मचारियों पर लगा है उनके भी बयान लिए जाएंगे। उसके बाद आगे की जांच कर रिपोर्ट सीएमओ को दी जाएगी।