संभल। क्षेत्र के गांव महराना में ग्राम समाज की पशु चरागाह भूमि पर अवैध कब्जे की जांच शुरू की गई है। मंगलवार को नायब तहसीलदार बबलू कुमार के नेतृत्व में टीम ने अवैध कब्जे वाली भूमि की पैमाइश की।
दरअसल, गांव के लोगों ने शिकायत में बताया कि गांव में 70 बीघा जमीन, जो पशुओं के चरने के लिए निर्धारित है, उस पर कुछ दबंगों ने जबरन कब्जा करके फसल बो दी है। इस पर मकान भी बना लिए हैं। इस वजह से गांव के पशुपालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पशुओं के लिए चारे का संकट भी गहराने लगा है। कई बार इस मामले की शिकायत की गई थी। टीम ने जमीन की पैमाइश शुरू की है, ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और कब्जा हटाने की कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान प्रशासन ने एहतियातन भारी पुलिस बल और आरआरएफ भी मौके पर तैनात रही। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नायब तहसीलदार का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चरागाह भूमि को जल्द ही कब्जामुक्त कराया जाएगा, जिससे ग्रामीणों और पशुपालकों को राहत मिल सके। संवाद