सरायतरीन (संभल)। गांव अतरासी में मनरेगा योजना के तहत विकास कार्य में घपलेबाजी की जांच शुरू हो गई है। शनिवार को अधिकारियों ने परिषदीय विद्यालय में पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान सामने आया सीसी टाइल्स निर्माण कार्य में गिट्टी और रेता का इस्तेमाल नहीं किया गया है।
मनरेगा योजना के अंतर्गत कच्चे मार्ग पर कराए गए चार कार्य में सिर्फ एक कार्य ही मौके पर मिला है। साथ ही मृतकों के खाते में मजदूरी के रुपये भेजने की भी जांच हुई है। ग्राम प्रधान के मृतक ससुर के खाते में धनराशि भेजने का मामला है। इसके अलावा मुलायम सिंह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ऋषिपाल के मनरेगा जॉब कार्ड पर कमलेश नाम की महिला के खाते में धनराशि दी जा रही है। ऐसे कई मामले सामने आए हैं। जांच अधिकारी सुघर सिंह ने बताया कि अभी जांच पूरी नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट डीएम को सौंपी जाएगी। संवाद