नशे के अवैध कारोबार के लिए पंजाब को बदनाम करने वालों ने अब यूपी का रुख कर लिया है। बनियाठेर पुलिस ने बदायूं जनपद में छापामार कर अंतरराज्यीय डोडा तस्कर गिरोह के आठ गुर्गों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी पुलिस को गच्चा देने में कामयाब रहे।
बनियाठेर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवक पकड़े थे, उन्हीं की निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई थी। इस रैकेट का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम को कप्तान ने पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
थाना बनियाठेर के सामने रविवार को वाहन चेकिंग के दौरान सुबह तकरीबन 11:50 बजे दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया था। बाइक सवार दोनों युवकों के कब्जे से बैग में रखे डोडा के एक-एक किलोग्राम के दो पैकेट मिले थे।
बनियाठेर थाने में प्रेस कांफ्रेंस में अपर पुलिस अधीक्षक पंकज पांडेय ने बताया कि पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो बदायूं जनपद के थाना फैजगंज बेहटा के गांव मोहरी निवासी आरोपी देवेंद्र कुमार यादव पुत्र मोहर सिंह और घूरे की मढ़ैया निवासी नन्हे कोरी पुत्र अशर्फी टूट गए और कई अहम जानकारियां दीं।
पुलिस ने दोनों युवकों की निशानदेही पर बदायूं जनपद के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव दामरी स्थित गोदाम पर छापा मारा। गोदाम से डोडा की 40-40 किलोग्राम की 128 बोरी बरामद की। मौके से दो लग्जरी कार, तीन बाइक, 87160 रुपये, तीन तमंचे, 14 कारतूस जिंदा, चार खोखा कारतूस, आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इस मामले में पुलिस ने बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा के गांव मोहरी निवासी देवेंद्र कुमार यादव पुत्र मोहर सिंह, घूरे की मढ़ैया निवासी नन्हे कोरी पुत्र अशर्फी, बदायूं जनपद के बिसौली थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर मई निवासी पुष्पेंद्र पुत्र भीमसेन, उझानी थाना क्षेत्र के गांव रनऊ निवासी फिरोज पुत्र मुन्ने, पंजाब के जनपद पटियाला के थाना बादसो निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र ज्ञानीराम, संंगरूर जनपद के पलवान थाना क्षेत्र के गांव समुदगढ़ छन्ना निवासी गगनदीप पुत्र हरनेक सिंह, पटियाला जनपद के थाना नावा के कोटकला निवासी गुरमीत पुत्र जोगेंद्र, जनपद संगरूर के थाना अमरगढ़ क्षेत्र के बागड़िया निवासी सुखविंदर सिंह पुत्र पोला सिंह को गिरफ्तार किया है।
बदायूं जनपद के थाना बिसौली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर मई निवासी चंद्रभान पुत्र किशनलाल, वजीरगंज के मोहल्ला तकिया निवासी लतीफ पुत्र हवलदार और बिसौली निवासी इशहाक मौके से भाग गए हैं।