संभल। मोहल्ला मल्ली सराय में संचालित एएस हेल्थ केयर में बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार को इंटर पास युवक मरीजों का उपचार करता मिला। अवैध रूप से संचालित अस्पताल में कई अनियमितताएं भी मिलीं। रजिस्ट्रेशन संबंधी अभिलेख न दिखाने पर सिटी मजिस्ट्रेट ने अस्पताल पर सील लगवा दी।
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बुधवार की शाम संभल के मोहल्ला मल्ली सराय में एएस हेल्थ केयर पर छापा मारा। अस्पताल में सात मरीज भर्ती मिले और इंटर पास मोहम्मदपुर टांडा निवासी मोहम्मद यूनुस मरीजों का उपचार कर रहा था। अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर और लेबर रूम मिला। मरीजों के इलाज के बारे में पूछने पर बताया कि अस्पताल में डॉ. यामीन बैठते हैं। इसके बाद डॉ. यामीन आए और खुद को बीयूएमएस बताया, लेकिन ऑपरेशन थिएटर के संचालन संबंधी कोई जवाब नहीं दे पाए।
साथ ही अस्पताल के रजिस्ट्रेशन संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। लोगों ने बताया कि अस्पताल दो साल से संचालित है। अस्पताल का संचालन अवैध पाया गया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी को रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। डॉ. मनोज चौधरी ने मौके पर आकर अवैध अस्पताल को सील कर दिया।