चंदौसी (संभल)। एसएम इंटर कॉलेज के मैदान पर बुधवार को तीन दिवसीय जिला शैक्षिक युवा क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सीनियर बालिका वर्ग की 800 और सब जूनियर बालिका की 600 मीटर दौड़ में सरस्वती उत्तर माध्यमिक विद्यालय बबराला की छात्राओं ने बाजी मारी।
जिला शैक्षिक क्रीड़ा समारोह का शुभारंभ माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी व डीआईओएस सर्वेश कुमार, प्रधानाचार्य राजेश गुप्ता, अंजू गुप्ता और जिला क्रीड़ा सचिव सचिन शर्मा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में श्री अक्रूर जी कन्या इंटर कॉलेज, रामप्यारी आर्य कन्या इंटर कॉलेज, हीरा देवी कन्या इंटर कॉलेज बहजोई, श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज और बीएमजी कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता में बालिका सीनियर वर्ग की 800 मीटर दौड़ में सरस्वती उत्तर माध्यमिक विद्यालय बबराला की स्वाति ने प्रथम, किसान उपकारक इंटर कॉलेज भवालपुर की वंदना ने द्वितीय और सिपाही लाल इंटर कॉलेज रजपुरा की शांति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सब जूनियर बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़ में सरस्वती उत्तर माध्यमिक विद्यालय की काजल ने प्रथम, किसान उपकारक इंटर कॉलेज की संजना ने द्वितीय और जनता इंटर कॉलेज जुनावई की राखी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य वसीम उद्दीन, संजीव कुमार, मनोज कुमार, योगेश बाबू, एके सिंह, गणेश सिंह, नेमचंद, आकाश शर्मा आदि मौजूद रहे।