चंदौसी। एडीआरएम मुरादाबाद परितोष गौतम ने चंदौसी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडीआरएम ने रेलवे स्टेशन पर हो रहे कायाकल्प के कार्यों को बारीकी से देखा और समय से निर्माण कार्य निपटाने के संबंधित को निर्देश दिए।
शुक्रवार सुबह एडीआरएम मुरादाबाद परितोष गौतम अपने विशेष यान से चंदौसी रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने अमृत योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों प्लेटफॉर्म के उच्चीकरण, फुटओवर ब्रिज, वेटिंग रूम, शौचालय और मुख्य द्वार के सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कायाकल्प कार्य कर रहे ठेकेदार से प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एडीआरएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्टेशन पर चल रहा सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए और निर्माण में केवल गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही उपयोग हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर सीएमआई वेद प्रकाश, स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार सहित रेलवे अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद