गुन्नौर (संभल)। थाना क्षेत्र के गांव ईसमपुर डांडा में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने पहुंच पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संभावित प्रत्याशियों व ग्रामीणों के साथ बैठक की। सभी से चुनाव के दौरान सावधानी बरतने व कानून का पालन करने की बात कही गई। डीएम ने ग्रामीणों की 96 मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से काटने की शिकायत पर तत्काल निस्तारण करने के लिए एडीओ पंचायत को निर्देश दिए।
गांव ईसमपुर डांडा में पहुंचे जिलाधिकारी संजीव रंजन व पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने गांव के संभावित प्रत्याशियों व ग्रामीणों के साथ बैठक की। जिसमें डीएम ने कहा कि सभी ग्रामीण चुनाव में अधिक से अधिक वोटिंग करें, ताकि अच्छे लोकतंत्र की स्थापना हो सके। चुनाव के समय यदि किसी तरह की गड़बड़ी की कोशिश की गई, तो ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रत्याशियों द्वारा गांव में शराब व किसी अन्य तरह का प्रलोभन ग्रामीणों को न दिया जाए। ऐसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। एसपी चक्रेश मिश्रा ने कहा कि गांव में 150 लोगों के विरुद्ध शांतिभंग की आशंका के चलते कार्रवाई की गई है। जिनके पांच-पांच लाख रुपये के मुचलके भरवाए गए हैं। ताकि किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी चुनाव के दौरान न की जा सके।