संभल/पवांसा। छह छुट्टा पशुओं की कीटनाशक मिला पानी पीने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने पशु चिकित्सक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने मृत होने की पुष्टि की। छुट्टा पशुओं ने एक किसान के नलकूप की हौदी में पानी पीया था। जिसमें कीटनाशक मिला था। ग्रामीणों के अनुसार समय रहते उपचार मिल जाता तो पशुओं की जान बच जाती।
हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव ततारपुर घोसी के खेतों में बुधवार की शाम छह छुट्टा पशुओं की मौत हो गई। यह मौत कीटनाशक मिला पानी पीने से हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि एक किसान ने अपनी मेंथा की फसल में कीटनाशक की दवाई का छिड़काव किया है। दवाई को नलकूप की हौदी में मिला लिया था। जिससे छुट्टा पशुओं की हालत बिगड़ गई और उपचार नहीं मिलने से मौत हो गई।
पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और ग्रामीणों ने पशुओं को ऐसे ही दबा दिया। पशु चिकित्सक डॉ. नीरज गौतम ने बताया कि पशुओं की हालत गंभीर की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर देखा तो छह पशुओं की मौत हो गई थी। कीटनाशक मिला पानी पीने से मौत हुई है। ग्रामीणों ने शवों को दबा दिया है।