संभल के जिला अस्पताल में बिलखते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
संभल नगर के मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी वैवाहिक स्थल के तरणताल में शनिवार को दोपहर हादसा हो गया। एक मासूम डूब गया। उस पर भी संवेदनहीनता की हद यह थी कि मासूम को मौत के बाद जिला अस्पताल के आपातकालीन चिकित्साकक्ष में डालकर दो युवक भाग गए। उन्हें अस्पताल कर्मचारी और पुलिस आवाज देते रह गए। यह घटना दोपहर दो बजे की है। यानि हादसे इससे पहले का रहा होगा।
ईद की छुट्टी को सभी बच्चे अपने तरीके से मना रहे थे। इस दौरान मुरादाबाद स्थित निजी वैवाहिक स्थल के तरण ताल में नहाने के लिए नगर के मोहल्ला बेगम सराय निवासी ट्रक चालक माजिद का 10 वर्षीय पुत्र मुत्तलिब पहुंचा। वह शहर के मदरसे में छात्र है। उसने तरण ताल में कितनी देर नहाया। कब वह डूबा यह जानकारी तरणताल के संचालक ने नहीं दी। इस घटना का पता तब लगा जब इस मासूम को दिन में सवा तीन बजे एक बाइक पर सवार होकर आए दो युवक अस्पताल के आपातकालीन चिकित्साकक्ष में छोड़कर भागने लगे। चिकित्साकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया पर वे राजी न हुए और बोले कि अभी आते हैं।
उस वक्त अस्पताल में मौजूद दो पुलिसकर्मियों ने भी इन युवकों को आवाज दी पर वे नहीं रुके। चिकित्साकर्मियों ने देखा कि मासूम की जान जा चुकी है। अस्पताल के कर्मचारियों ने अपने परिचितों के माध्यम से मासूम के परिजनों का पता लगाया। परिजन अस्पताल पहुंचे। फिर किसी ने जानकारी दी कि मासूम तरणताल में डूबा है। इसके बाद परिजनों ने तरणताल जाकर पूरी जानकारी करने का प्रयास किया। पुलिस को खबर दी। पुलिस तरणताल पहुंची। अधिकारियों ने तरणताल संचालक से जानकारी ली है। इस बीच तरणताल संचालक और पीड़ित परिवार में वार्ता शुरू हुई। कुछ लोगों ने पीड़ित परिवार से कहा कि रिपोर्ट दर्ज न कराएं। किसी की कोई गलती नहीं है। आपस में मामले को निबटा लें पर पीड़ित परिवार आक्रोशित था। अपर पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि अगर पीड़ित परिवार तहरीर देता है तो रिपोर्ट दर्ज होगी।