संभल। बहजोई थाना क्षेत्र के गांव चाटन में मंगलवार की सुबह में छत से उतर रही मासूम बालिका नीतू को हाईटेंशन लाइन का करंट लग गया। इससे वह झुलस गई। हाईटेंशन लाइन नीतू की छत के बराबर से गुजर रही है और वह सुबह में खेल-खेल में छत पर चढ़ गई थी। उतरते वक्त उसे करंट लग गया। जिससे वह झुलस गई। निजी अस्पताल में बालिका का उपचार कराया गया है।
बहजोई थाना क्षेत्र के गांव चाटन निवासी किशन पाल की 10 वर्षीय बेटी नीतू हाईटेंशन लाइन के करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। किशन पाल ने बताया कि सुबह छह बजे बेटी छत पर खेल रही थी। तभी नीचे उतरते समय मकान के बराबर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की करंट की चपेट में आ गई। इससे गंभीर रूप से झुलस गई। शोर-शराबा होने पर मौके पर पहुंचा और छत पर देखा तो बेटी गंभीर रूप से घायल पड़ी थी।तत्काल गांव के ही निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि पिछले 25 वर्ष से हाईटेंशन लाइन मकान के बराबर से गुजर रही है। लगातार विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया है। हर समय बड़ा हादसा होने का डर सताता है।
--------
कोट
चाटन में हाईटेंशन लाइन के करंट लगने की सूचना मिली है। ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइन के नीचे मकान बना लिया है। हाईटेंशन लाइन हटवाने के लिए एस्टीमेट बनाया जा रहा है। इसके बाद ही हाईटेंशन लाइन हटेगी।
अनिल कुमार, एसडीओ देहात, सब डिवीजन पवांसा।