संभल। गैंगस्टर के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की। गोली सिपाही को जख्मी कर गई। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो आरोपी की टांग में गोली लगी। मुठभेड़ की सूचना पर एएसपी कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। पकड़ा गया बदमाश 25 हजार रुपये का इनामी है। उसपर गोकशी के कई मामले दर्ज हैं।
नखासा थाना पुलिस मंगलवार की दोपहर दीपासराय से मांडली समसपुर को जाने वाले मार्ग पर सिंहपुरसानी गांव के निकट चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार युवक आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने बाइक सवार को रोकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। नखासा थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह पंवार ने बताया कि आरोपी ने तमंचे से फायरिंग की। इसमें थाने में तैनात सिपाही राजेश कुमार को हाथ में गोली लगी। जवाबी फायरिंग की तो आरोपी की टांग में गोली लगी। पकड़े जाने पर आरोपी ने अपनी पहचान जिला रामपुर के थाना अजीमनगर अंतर्गत गांव खड़िया निवासी सुलेमान के रूप में कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी हाल में नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला शहबाजपुरा में रह रहा था। गोकशी के कई मामले दर्ज हैं और गैंगस्टर के मामले में वांछित होने पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, खोखे और चोरी की बाइक बरामद की है।
----------------------
कोट
गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपयों के इनामी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी की टांग में गोली लगी है। आरोपी के द्वारा गोली चलाने पर सिपाही घायल हुआ। इसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
आलोक कुमार जायसवाल, एएसपी, संभल।