नखासा थाना क्षेत्र में गर्म पानी भरे भगौने में गिरने से पांच दिन पहले झुलसी मासूम की उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शव को दफन करने की तैयारी चल रही थी।
हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव नसीरपुर निवासी अय्यूब की बेटी शिफा (8 वर्ष) 15 दिन पहले अपने मामा साईब निवासी गांव मिठौली मिलक के घर आई थी। पांच दिन पहले घर के लोगों के नहाने के लिए पानी गर्म किया गया था। पानी भगौने में रखा था। इस बीच सिफा नहाने के लिए पानी लेने जा रही थी कि ठोकर लगने पर भगौने में गिर गई थी।
गर्म पानी से सिफा बुरी तरह झुलस गई थी। परिवार के लोगों ने आनन फानन में शिफा को सिरसी के निजी अस्पताल ले जाकर उपचार शुरू कराया था। शिफा के परिजन भी यहां पहुंच गए थे। रविवार को सुबह 9 बजे शिफा की घर पर ही मौत हो गई। जिससे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोगों की भीड़ साईब के घर पहुंची। महिलाओं की आंखों के आंसू नहीं रुक रहे थे। बाद में परिजनों ने शव को दफन करने की तैयारी शुरू कर दी।