चंदौसी। सेवायोजन विभाग की ओर से बेरोजगार युवाओं को नई सुविधा दी गई है। सेवायोजन विभाग की ओर से शुरू किए गए रोजगार संगम पोर्टल पर समय-समय पर रोजगार मेलों, निजी व सरकारी संस्थानों की भर्तियों के अलावा नई रिक्तियों की जानकारी अपडेट की जाएगी। ऐसे में बेरोजगार युवाओं को नौकरी तलाशने के लिए कहीं और के चक्कर काटने नहीं पड़ेंगे।
शासन की ओर से बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं पहले से ही संचालित की जा रही है। इसके बाद भी नौकरियों की जानकारी के अभाव में पढ़े लिखे युवा रोजगार से वंचित रह जाते थे। उन युवाओं को रोजगार के लिए भटकना न पड़े। इसके लिए सेवायोजन कार्यालय की ओर से रोजगार संगम पोर्टल विकसित किया गया था।
सेवायोजन कार्यालय के रोजगार मेला प्रभारी गौरव पूठिया ने बताया कि अब रोजगार संगम पोर्टल पर समय-समय पर रोजगार मेलों, भर्तियों व नई रिक्तियों की जानकारी अपडेट की जा रही है। इससे स्नातक और आईटीआई कर रहे प्रशिक्षुओं को लाभ मिलेगा। संगम पोर्टल पूरी तरह निशुल्क है और मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से युवा इस पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। साथ ही, बेरोजगार युवा विभाग की वेबसाइट या रोजगार कार्यालय से भी रोजगार के विषय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।