संभल। भारतीय इतिहास संकलन समिति ने मंगलवार को इतिहास दिवस मनाया। इस अवसर पर संभल के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के नाम व उनके कामों का संग्रह करने का निर्णय लिया। तय किया गया कि संभल जनपद की तीनों तहसीलों के अध्यक्ष व महामंत्री का दायित्व शीघ्र ही सक्रिय और विचारधारा के अनुरूप कार्य करने वाले व्यक्तियों को सौंपा जाएगा।
श्री सनातन धर्म मंदिर कोटपूर्वी में संपन्न बैठक में जिलाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के नाम, काम, क्षेत्र और विशेष योगदान का संग्रह किया जाएगा। इसके लिए भारतीय इतिहास संकलन समिति के सभी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
सुमन लता शर्मा ने बताया कि जिला संभल इतिहास की दृष्टि से बहुत धनी है। यहां का आध्यात्मिक साहित्यिक सामाजिक और राष्ट्रव्यापी इतिहास से आमजन परिचित हो इसके लिए जनपद की तीनों तहसीलों में तहसील स्तरीय कार्यकारिणी गठित करना तथा संपूर्ण जनपद क्षेत्र के शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के कार्यों का संग्रह होना एक अच्छी और बड़ी महत्वपूर्ण बात होगी।
इसमें अतुल शर्मा, अरविंद शंकर शुक्ला, मीनू रस्तोगी, सुमन लता शर्मा, शोभा गर्ग, विकास कुमार वर्मा, नीरू चाहल, पंकज सांख्यधर, उमेश सैनी आदि रहे। अध्यक्षता अजय कुमार शर्मा ने की। संचालन जिला महामंत्री सुबोध कुमार गुप्ता ने किया। संवाद