सौंधन(संभल)। कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव रायपुर में वसूली करने गए संग्रह अमीन और उनकी टीम के साथ बकायेदार ने मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। बाद में नायब तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए थे। अमीन की तहरीर पर बकायेदार के खिलाफ थाने पर रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव भमोरी पट्टी के निवासी कमस पर उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक सौंधन का करीब साढ़े तीन लाख रुपये का बकायेदार है। इस समय वह अपना गांव छोड़कर इसी थाना क्षेत्र के गांव रायपुर में रह रहा है। मंगलवार दोपहर संग्रह अमीन महावीर सिंह और उनके साथ शाखा प्रबंधक सौंधन मयंक मिश्रा, मोहम्मद याकूब संग्रह सेवक और क्षेत्रीय कार्यालय उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के वसूल अधिकारी बकायेदार के घर पहुंचे।
यहां बकायेदार ने पैसे जमा करने से मना कर दिया और उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। कहा कि मैं अपने गांव में कत्ल कर चुका हूं और मैं तुम्हारा भी कत्ल कर दूंगा। एक मुकदमा तुम्हारे नाम का ही सही। इस पर वह उनसे भिड़ गया। आरोप है कि याकूब के कपड़े फाड़ दिए और मारपीट की। उसने संग्रह अमीन महावीर को धक्का देकर गिरा दिया। बमुश्किल उन्होंने दौड़कर जान बचाई।
बाद में सूचना पर नायब तहसीलदार अरविंद कुमार भी मौके पर आए। इसके बाद बकायेदार अपने घर से फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि महावीर सिंह संग्रह अमीन की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।