संभल में जामा मस्जिद पर फोर्स के साथ पैदल मार्च करते एएसपी और सीओ। संवाद
संभल। जामा मस्जिद पर जुमे की नमाज के दौरान कड़ी सुरक्षा रही। रास्तों पर बैरिकेडिंग रही। पुलिस के साथ पीएसी और आरआरएफ के जवान भी तैनात रहे। ड्रोन कैमरे से निगरानी कराई गई। सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए एएसपी कुलदीप सिंह, सीओ आलोक भाटी ने फोर्स के साथ पैदल मार्च किया। इस दौरान जनसंवाद भी किया। लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जुमे की नमाज के दौरान संभल में एहतियाती तौर पर चौकसी बढ़ाई गई है। 24 नवंबर तक यह चौकसी बनी रहेगी। सोशल मीडिया पर भी टीम की निगरानी है। किसी ने अफवाह फैलाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के साथ पीएसी और आरआरएफ को सुरक्षा में लगाया गया है। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी पूरी निगरानी की जा रही है।
मालूम हो 24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान बवाल हो गया था। इसमें पांच लोगों की जान चली गई थी। 29 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। बवाल को एक वर्ष पूरा होने वाला है। इसको देखते हुए चौकसी बनाई गई है। जिले में धारा 163 लागू है इसलिए सामूहिक आयोजन करने की भी अनुमति नहीं है।