संभल। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को कम करने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा ब्लाक बनियाखेड़ा, मुख्य डाकघर, गुरुद्वारे सहित कई बाजारों व मोहल्लों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया। अधिशासी अधिकारी ने भ्रमण कर नगर की सफाई का निरीक्षण किया। ड्यूटी पर मौजूद नहीं मिलने पर सफाई कर्मचारियों को चेतावनी दी गई।
नगर पालिका परिषद ने बढ़ते कोरोना संक्रमण को लेकर ब्लाक बनियाखेड़ा परिसर में पंचायत चुनाव के मद्देनजर सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया। इसके अलावा आजाद रोड स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा, रोडवेज बस स्टैंड परिसर, मुख्य डाकघर, बिसौली गेट, सुंदर मोहल्ला, मोहल्ला महाजन, मोहल्ला रामनौमी में पूर्ण रूप से पालिका कर्मचारियों ने सैनिटाइर का छिड़काव किया गया। नगर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के उद्देश्य से अधिशासी अधिकारी राजकुमार ने पालिका कर्मचारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिशासी अधिकारी सुभाष रोड पर पहुंचे यहां सफाई नायक कमल कुमार के सहित चार सफाई कर्मी अनुपस्थित रहे। संभल गेट में सफाई नायक कृष्ण कुमार के अलावा सात कर्मचारी अनुपस्थित मिले। इसी तरह कई स्थानों पर सफाई नायक व कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सभी को चेतावनी दी गई कि कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कोई भी सफाई नायक व सफाई कर्मचारी कार्य से अनुपस्थित मिलता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं दो से पांच बजे तक प्रतिदिन सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे। इस बीच कोई भी कर्मचारी अपने कार्य से अनुपस्थित मिलता तो उसकी विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।