संभल। जिले के आठ ब्लॉक क्षेत्रों के 670 गांवों में करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए 3.21 लाख से अधिक व्यक्तिगत शौचालय उपयोग में नहीं आ रहे हैं। सामुदायिक शौचालयों की स्थिति भी बदतर है, जिनका उद्देश्य ग्रामीणों को खुले में शौच मुक्त करना था। देखरेख के अभाव में ये जर्जर हो गए हैं और ग्रामीणों ने इन पर अवैध कब्जा कर लिया है।
वर्ष 2014 से 2026 के बीच कुल 3,21,048 व्यक्तिगत शौचालय बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त 670 सामुदायिक शौचालयों पर भी सरकारी धन खर्च हुआ है। इन सामुदायिक शौचालयों के लिए केयरटेकर भी नियुक्त किए गए हैं।
उन्हें हर महीने ग्राम पंचायत स्तर से नौ हजार रुपये का मानदेय भी दिया जाता है। पड़ताल में सामने आया है कि मानदेय मिलने के बावजूद इनकी स्थिति लगातार बिगड़ रही है। कई व्यक्तिगत शौचालय तो जंगल में ही बनाकर छोड़ दिए गए हैं। पवांसा ब्लॉक के ततारपुर घोसी गांव में सामुदायिक शौचालय की हालत खराब है। यहां साफ-सफाई नहीं होती और लोग हादसे के डर से इसका उपयोग नहीं करते। चिरौली भगवंतपुर के महिला स्वच्छता शौचालय में पानी की व्यवस्था नहीं है, जिससे महिलाओं को पानी साथ लाना पड़ता है।
शोभापुर खालसा में मुख्य द्वार पर ताले लगे हैं और पानी की टंकी भी नहीं लगी है। मल्लाह मुस्तफाबाद और सिसौना के शौचालयों में भी पानी की कमी और देखभालकर्ता की अनुपस्थिति जैसी समस्याएं हैं।