बहजोई। छिटपुट विरोध के बीच बृहस्पतिवार को नवीन मंडी स्थल परिसर में करीब चार घंटे गोदामों व दुकानों पर बने अवैध निर्माण को जेसीबी ने ढहा दिया। इस बीच व्यापारियों और आढ़तियों की भीड़ लगी रही। इस बीच एसडीएम व उनकी टीम के लोगों से कई बार व्यापारियों की नोकझोंक भी हुई।
बृहस्पतिवार को दोपहर करीब एक बजे एसडीएम चंदौसी विनय कुमार मिश्रा मंडी सचिव मोहित फौजदार को साथ लेकर मय पुलिस व पीएसी के अनाज मंडी परिसर में पहुंच गए। यहां एसडीएम की निगरानी में गोदामों व दुकानों के बाहर बनी अवैध दीवारों व शेड को जेसीबी से ढहाया गया। एक-एक कर एसडीएम की टीम ने कई गोदामों व दुकानों के बाहर बनाए गए अवैध निर्माण को गिराया। इस बीच एसडीएम व उनकी टीम के लोगों से कई बार व्यापारियों की नोकझोंक भी हुई। एसडीएम के कहने पर पुलिस को एक युवक को पकड़ लिया। बाद में कुछ भाजपाइयों व व्यापारियों के कहने पर युवक को छोड़ा गया। शाम करीब पांच बजे एसडीएम अनाज मंडी समिति से चले गए।
भाजपाइयों व जनप्रतिनिधियों की एक न चली
अनाज मंडी समिति में अतिक्रमण हटाए जाने के लिए गिराए जा रहे अवैध निर्माण की कार्रवाई के दौरान कुछ भाजपाइयों व जन प्रतिनिधियों ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की। बावजूद इसके किसी की एक न चली। मंडी समिति परिसर में गोदामों व दुकानों पर बनाए गए अवैध निर्माण पर प्रशासन की जेसीबी चलती रही।
कुछ व्यापारियों ने खुद हटाया अतिक्रमण
बहजोई। अनाज मंडी समिति परिसर में अतिक्रमण पर हुई कार्रवाई के दौरान कई व्यापारी ऐसे रहे, जिन्होंने खुद ही अपना अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर दिया। इस पर एसडीएम ने व्यापारियों से तय समय पर अतिक्रमण हटाने की बात कही। वहीं कई व्यापारी कलक्ट्रेट पर भी पहुंचे और अतिक्रमण पर होने वाली कार्रवाई को लेकर बातचीत की। जबकि कुछ व्यापारियों ने खुद अतिक्रमण हटाने की बात एसडीएम को लिखकर दिया है।
आज फिर हटाया जाएगा अतिक्रमण
एसडीएम विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े नौ बजे से अनाज मंडी समिति में अवैध निर्माण पर फिर प्रशासन की जेसीबी चलेगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा, कि जिन लोगों ने अगले दिन तक अवैध निर्माण तोड़ने का समय लिया है। उन लोगों ने अवैध निर्माण तोड़ा है या नहीं। यदि समय मांगने वालों की ओर से खुद अवैध निर्माण तोड़ा नहीं जाता है, तो इस अवैध निर्माण पर प्रशासन की जेसीबी चलेगी।
अनाज मंडी समिति में दुकानदारों को दुकान के साथ चबूतरा आदि दिया जाता है। बावजूद इसके मंडी परिसर में कई दुकानों की ओर से गोदामों व दुकानों के बाहर अवैध निर्माण कर दीवारें आदि बना ली हैं। ऐसे ही अवैध निर्माणों को गिरवाया गया है। शेष कुछ दुकानदारों ने अपने गोदाम व दुकान के आगे हो रहे अवैध अतिक्रमण को गिराना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने अवैध निर्माण गिराने के लिए शुक्रवार की सुबह तक का समय मांगा है।
विनय कुमार मिश्रा, एसडीएम, चंदौसी