पवांसा ब्लाक क्षेत्र की 18 ग्राम पंचायतों में सचिवालयों का निर्माण अधूरा पड़ा है। जिलाधिकारी की समीक्षा में सचिवों द्वारा लापरवाही बतरने की बात सामने आई है। जिसके बाद एडीओ पंचायत ने सचिवों को पत्र जारी किया है। इसमें कहा गया है कि पंद्रह दिन के अंदर अधूरे पड़े पंचायत सचिवालयों का निर्माण कार्य पूरा करा दिया जाए। अन्यथा की स्थिति में नवंबर माह का वेतन रोक दिया जाएगा।
पवांसा ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत अख्त्यारपुर चौबे, कमालपुर खानुपुरा, मंगनपुर, पैंतिया और ततारपुर घोसी में सिर्फ डीपीसी स्तर का कार्य हुआ है, जबकि गगनेटा में नींव स्तर तक ही कार्य हुआ है। वहीं, नूरियो सराय और निरयावली में लेंटर तक का कार्य हुआ है। शकरपुर तारनपुर, लालपुर तीतरी, निबौरा, लधनपुर शहवाजपुर, खिरनी में पलास्टर का कार्य हुआ है। सिसौना और मुजाहिदपुर में छत तक काम हुआ है।
वहीं, कैली पतरासी, मोहम्मदपुर वावई, नूरपुर, ततारपुर और सिहावली में भी निर्माण अधूरा है। जिलाधिकारी मनीष बंसल की समीक्षा में पंचायत सचिवों की लापरवाही सामने आई है। एडीओ पंचायत गुरूदयाल सिंह ने बताया कि सचिवों को पत्र जारी किया गया है। पंद्रह दिन तक का इन्हें समय दिया गया है। यदि इस अवधि में भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो पाता है तो फिर इनका नवंबर माह का वेतन रोक दिया जाएगा।