चंदौसी। विधानसभा चुनाव में निर्दलीय के तौर पर कोई प्रत्याशी बल्ला लेकर सियासी पिच पर बल्लेबाजी से पहचान बनाएगा तो कोई इस रण में हेलिकॉप्टर लेकर उतरेगा। प्रत्याशियों की पहचान चुनाव चिह्न में ऑटो रिक्शा से लेकर फुटबाल खिलाड़ी तक रहेगी।
निर्वाचन आयोग ने इस बार निर्दलीय प्रत्याशियों के लिए 197 चुनाव चिह्न उपलब्ध कराए हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम कमलेश कुमार अवस्थी ने बताया कि हर निर्दलीय प्रत्याशी अपनी पसंद के चुनाव चिह्न के लिए तीन विकल्प उपलब्ध करा सकता है। इन्हीं तीन विकल्पों में से उसे एक चुनाव चिह्न आवंटित किया जाएगा। यदि पहली पसंद का प्रतीक चिह्न किसी अन्य प्रत्याशी को आवंटित हो जाता है, तो उसे विकल्प का दूसरा अथवा तीसरा चिह्न आवंटित किया जाएगा।