संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव शाहपुर निवासी मखुश (21) की जहरीले पदार्थ से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी के मायके जाने से आहत था। तीन दिन पहले पत्नी मायके चली गई थी। इसके बाद से लगातार वह परेशान रह रहा था।
सोमवार की सुबह किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार की दोपहर तीन बजे उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन शव लेकर गांव चले गए। परिजनों ने बताया कि युवक मेहनत मजदूरी कर परिवार की गुजर कर रहा था। 11 महीने पहले ही शादी हुई थी। पत्नी अपने मायके जाने के बाद से ही परेशान था और सोमवार को किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
वहीं, दूसरी ओर गांव में चर्चा है कि युवक का पत्नी से विवाद हो गया था। इसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। थाना प्रभारी का कहना है कि मौत का कारण जानने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।