चंदौसी। परिषदीय स्कूलों में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जाना है। शासन से निर्देश भी मिल गए हैं और 800 रुपये का बजट भी मिला है। ऐसे में प्रधानाध्यापक असमंजस में है, कि इस बजट में वार्षिकोत्सव का आयोजन कैसे करें, जिन विद्यालयों में बच्चों की संख्या अधिक हैं, इस बजट में वहां आने वाले अभिभावकों की चाय की व्यवस्था भी बमुश्किल होगी।
संभल जिले में 1289 परिषदीय विद्यालय हैं। शासन ने सभी विद्यालयों में वार्षिकोत्सव का आयोजन कराने के निर्देश दिए हैं। सात फरवरी से विद्यालयों में वार्षिकोत्सव कराया जा सकता है। बीएसए की ओर से खंड शिक्षा अधिकारियों को अवगत भी करा दिया गया है। वार्षिकोत्सव के दौरान स्कूलों में साज सज्जा, अभिभावकों के बैठने के लिए कुर्सी की व्यवस्था, जलपान और वार्षिकोत्सव में शामिल होने वाले बच्चों को पुरस्कार भी देना हैं।
शिक्षक संगठन पदाधिकारियों ने वार्षिकोत्सव के आयोजन के लिए इस बजट को नाकाफी बताया। कहा कि 500 से अधिक स्कूल ऐसे हैं, जहां छात्रों की संख्या 80 या उसे अधिक है। कुछ विद्यालय ऐसे भी जहां, छात्रों की संख्या 200 के पार हैं। ऐसे विद्यालयों में इस बजट में वार्षिकोत्सव का आयोजन संभव नहीं है। बजट को लेकर शिक्षक परेशान हैं। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम व पुरस्कार वितरण कैसे कराया जाए। एक कुर्सी पर एक बालक बैठेगा, जहां संख्या 80 से अधिक की संख्या हैं। वहां के शिक्षक ज्यादा पशोपेश में है कि कार्यक्रम का आयोजन कैसे करें।