संभल। जिले के 47 स्थान ऐसे हैं जो हॉट स्पॉट, ब्लैक स्पॉट या तीव्र मोड़ हैं। जहां हादसे होते हैं। इन स्थानों पर सुधार कराया जाएगा। इसके लिए शासन से मंजूरी मिल गई है। कहीं मरम्मत होगी तो कहीं साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। जिससे हादसों को रोका जा सके। इसके अलावा चौड़ीकरण भी किया जाना है। इसमें संभल के प्रमुख चौराहे चंदौसी चौराहा और चौधरी सराय चौराहा शामिल हैं। लोकनिर्माण विभाग द्वारा यह कार्य कराया जाना है।
लोकनिर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील प्रकाश ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दो सप्ताह बाद कार्य शुरू हो सकते हैं। जिलेभर के चिह्नित किए गए हॉट स्पॉट, ब्लैक स्पॉट और तीव्र मोड़ चिह्नित किए गए थे। इसमें चौड़ीकरण के भी स्थान शामिल थे। बताया कि 100 से ज्यादा प्रस्ताव तैयार किए गए थे, इसमें 47 प्रस्ताव शासन से मंजूर हो गए हैं। इन प्रस्ताव पर कार्य कराए जाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दो सप्ताह में कार्य शुरू कराया जाएगा। इस कार्य को शुरू करने से पहले कई स्थानों से बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर व अतिक्रमण हटाया जाएगा।