संभल। जिले में होली का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। लोगों ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाया। डीजे पर गूंजे रहे गीतों पर जमकर नृत्य किया। संभल में रंग की चौपाई के दो जुलूस निकाले गए। जुलूस को लेकर कड़े सुरक्षा प्रबंध रहे। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
होली को लेकर शहर में आठ थानों की पुलिस, पीएसी और आरआरएफ को तैनात किया गया था। बुधवार तड़के में कुछ स्थानों पर होलिका दहन हुआ। जिसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर होली की बधाई देना शुरू किया। इसी के साथ रंग खेलना भी शुरू हो गया। गुलाल और रंग की बौछार होने के बीच डीजे पर होली के गीत गूंजते रहे। युवाओं ने गीतों पर नृत्य करते हुए धूम मचा दी। महिलाओं ने भी जमकर होली खेली। इस बीच सुबह 10 बजे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की की ओर से चौपाई जुलूस निकाला गया। नगर हिंदू सभा की ओर से रंग की चौपाई का जुलूस दोपहर 1 बजे मोहल्ला कोट पूर्वी स्थित गौरी सहाय मंदिर से शुरू हुआ जो सूर्यकुंड मंदिर पहुंची। जहां भगवान भोलेनाथ को भगवा रंग से तिलक कर रंग चौपाई जुलूस का समापन किया गया। जुलूस में शामिल लोग होली के गीतों पर झूमे। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने भी सुरक्षा प्रबंध का जायजा लिया। इस दौरान एडीएम प्रदीप वर्मा, एएसपी कुलदीप सिंह, सीओ कुलदीप कुमार, ईओ डॉ.मणिभूषण तिवारी, कोतवाल गजेंद्र सिंह, थाना प्रभारी निशांत राठी आदि रहे। जुलूस के दौरान भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, गोपाल शर्मा, नगर हिंदू सभा के अध्यक्ष कमलकांत तिवारी आदि रहे।