बिसौली गेट स्थित राज टेंट हाउस और राज टेंट एंड कैटर्स के गोदाम में रविवार को सुबह 11:30 बजे भीषण आग लग गई थी। गोदाम में अवैध रूप से घरेलू रसोई गैस के भंडारण से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। गैस के अवैध भंडारण में कार्रवाई के लिए पूर्ति विभाग ने मौके से मिले सिलेंडर जब्त कर लिए थे।
जिलाधिकारी से अनुमति मिलने के बाद पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को टेंट हाउस स्वामी कैटर्स भाइयों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिसौली गेट स्थित राज टेंट के स्वामी सचिन अग्रवाल उर्फ सोनू पुत्र प्रमोद कुमार और राज टेंट एंड कैटर्स के स्वामी राजीव सिंघानिया पुत्र कैलाश सिंघानिया के तीन गोदाम हैं। रविवार को सुबह करीब 11:30 बजे एक गोदाम में आग लग गई। आग की चपेट में गोदाम में रखे सिलेंडर आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक 20 से अधिक धमाके हुए।
पुलिस प्रशासन ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद पूर्ति विभाग ने मौके से कामर्शियल 94, घरेलू 32 और 13 फटे हुए सिलेंडर जब्त कर लिए थे। जब्त सिलेंडर भारत गैस के वितरक ताहिर गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिए थे। घरेलू गैस के अवैध भंडारण के बाद मिले सिलेंडरों के जखीरे की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी गई। जिलाधिकारी एनके सिंह चौहान ने मामले की गंभीरता को समझते हुए पूर्ति विभाग को कार्रवाई की अनुमति मांगी। इसके बाद सोमवार को पूर्ति निरीक्षक मुकेश कुमार रस्तोगी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।