रजपुरा में गवां-बबराला मार्ग पर गन्ना के भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों से लगा जाम।
- फोटो : amar ujala
बबराला/रजपुरा। शुगर मिल में पहुंचने वाले गन्ना से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों के हाईवे किनारे खड़े रहने से जाम का जंजाल मुसीबत बन गया है। गन्ना से भरी ट्रालियों के दोनों ओर वाहनों के फंसने और लिंक मार्गों के अवरुद्ध होने से 12 घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। जाम से निजात पाने के लिए पुलिस ने लगातार प्रयास किया है लेकिन हालात जस के तस है। पुलिस इसका ठीकरा मिल पर प्रबंधन पर फोड़ कर कार्रवाई की बात कह रही है।
रजपुरा के डीएसएम शुगर मिल में आने वाले गन्ने से भरे ट्रैक्टर-ट्रालियों से गवां-बबराला मार्ग पर करीब पांच किमी लंबा जाम लगा है। जोकि बहट रसूलपुर से लेकर मलिकपुर गांव तक मेरठ-बिजनौर मार्ग पर और बहजोई मार्ग पर फैला हुआ है। इस हाइवे से वाहन लिकं मार्ग के जरिए भी नहीं निकल पा रहे हैं। लिहाजा सेंडोरा और चाऊपुर मार्ग पर जाम होने से डायवर्ट रूट भी बाधित है। मंगलवार को रजपुरा के मुख्य चौराहे से लेकर बहजोई मार्ग, गवां और बबराला मार्ग पर लंबा जाम लगा। छोटे वाहनों के अलावा बाइक सवारों को भी निकलने में दिक्कतों को सामना करना पड़ा। प्रभारी निरीक्षक प्रवीन सोलंकी ने कहा कि दो दिन पूर्व मिल के आठ घंटे तक बंद रहने के कारण गन्ना का स्टाक अधिक हो गया है। मिल प्रबंधन को कम पर्ची जारी करने का कहा गया है। जाम की स्थिति उत्पन्न कराने के आरोप में मिल प्रबंधन को भी नोटिस दिया जा रहा है। फिर भी हमने से एक ओर यातायात सुचारु कराने की प्रयास किया है।