चंदौसी। थाना कुढ़फतेहगढ़ क्षेत्र के गांव मैथरा में रविवार शाम एक किशोरी हाईटेंशन लाइन के टूटे तार की चपेट में आकर झुलस गई। वह अपनी मां के साथ खेत पर घास काट रही थी। ग्रामीणों ने बिजली निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
गांव मैथरा निवासी अतर सिंह की पुत्री भावना रविवार शाम अपनी मां क्रांति के साथ घास लेने खेत पर गई थी। जंगल में संजीव व सत्यपाल के खेतों के पास सड़क किनारे घास काटते समय उसे जमीन पर पड़ा हाईटेंशन लाइन का टूटा तार दिखाई नहीं दिया। जैसे ही उसका हाथ तार से छुआ, तेज करंट लगने से वह झुलस कर गिर पड़ी।
चीख सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीण किशोरी को उठाकर घर ले गए और परिजनों ने निजी चिकित्सक से उसका उपचार कराया। घटना की सूचना पर ग्रामीणों ने बिजलीघर बेरनी फोन कर बिजली आपूर्ति बंद कराई।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और लड़की को सीएचसी चंदौसी में भर्ती कराया।