तेसंभल। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव दीपपुर डांडा में गवां-अनूपशहर मार्ग पर बेकाबू सीमेंट से भरा ट्रक पहले गन्ने से भरी ट्रॉली से टकराया और बाद में एक ग्रामीण के घर में जा घुसा। इसमें एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मृतक का साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका उपचार अलीगढ़ में चल रहा है। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में लिया है।
गुरुवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव दीपपुर डांडा निवासी रामचरन (28) पुत्र भूरे सिंह अपने घर में ट्रैक्टर में डीजल डाल रहे थे। अचानक सीमेंट से भरा ट्रक उनके घर में घुस गया और वह दब गए। रामचरन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके साथी बटाईदार गांव चमरपुरा निवासी नरेंद्र पुत्र नरेशपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ जब सीमेंट से भरा ट्रक अनूपशहर की ओर से आ रहा था। जैसे ही गांव दीपपुर डांडा में पहुंचा तो एक गन्ने से भरी टॉली से टकरा गया। इसी दौरान ट्रक अनियंत्रित हुआ और रामरचरन के घर में घुस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक तेज रफ्तार में था। इसी दौरान हादसा हुआ। रामचरन की पत्नी छोटी व चार बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। घायल का उपचार अलीगढ़ में चल रहा है।