संभल में कोतवाली पुलिस गश्त करती हुई। संवाद
संभल। दिल्ली में हुए धमाके बाद संभल में भी हाई अलर्ट जारी किया गया। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। साथ ही लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई। डीएम और एसपी भी फोर्स के साथ संभल शहर में पैदल मार्च करने के लिए पहुंचे। इस दौरान एसपी ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को चौकसी बढ़ाने और चेकिंग लगातार कराने के निर्देश दिए।
सोमवार की शाम को संभल कोतवाली पुलिस ने बाजार व प्रमुख स्थानों पर गश्त की। देररात डीएम और एसपी ने भी जनसंवाद किया। इसके बाद पुलिस ने जगह-जगह चेकिंग कर बाहरी लोगों से भी पूछताछ की। एएसपी कुलदीप सिंह और सीओ आलोक कुमार भाटी व कई थानों की फोर्स इस दौरान मौजूद रही।
वहीं, दूसरी ओर चंदौसी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी थाना प्रभारी अजीत प्रताप सिंह ने चेकिंग कर सुरक्षा का जायजा लिया। यात्रियों के सामान, प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय और ट्रेन के डिब्बों की गहन जांच की गई।
जीआरपी की टीम ने संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की। जीआरपी थाना प्रभारी ने चेकिंग के दौरान यात्रियों से अपील की कि वे संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
संभल में कोतवाली पुलिस गश्त करती हुई। संवाद