चंदौसी। थाना कुढ़फतेहगढ़ के एक गांव में छेड़छाड़ के आरोपी युवक को सजा देने का तरीका हैरत में डालने वाला है। गांव की एक किशोरी के छेड़खानी के आरोप पर पंचायत ने आरोपी युवक को आदेश दिया कि वह पीड़िता से जूते खाने के लिए तैयार हो जाए। इसके बाद किशोरी ने युवक को थाने के ठीक सामने जूते से पीटा। इससे पहले पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया था लेकिन आपसी तौर पर मामला सुलझाने के लिए दोनों पक्षों को बाहर भेज दिया।
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक किशोरी सरेआम युवक को लोगों के सामने जूते से पीट रही है। यह मामला थाना कुढ़फतेहगढ़ के एक गांव का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि गांव की रहने वाली एक किशोरी छह फरवरी को जंगल में घास लेने गई थी। इसी दौरान किशोरी ने गांव के ही एक युवक पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया।
पीड़ित किशोरी के परिजनों ने तुरंत थाने पहुंचकर युवक के खिलाफ तहरीर दी। थाना पुलिस ने आरोपी युवक को पूछताछ के लिए बुलाया। इसी बीच गांव के प्रधान पुत्र और अन्य लोग थाने पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत की। पुलिस ने मामला दोनों पक्षों के बीच सुलझाने के लिए बाहर भेज दिया। बताया जा रहा है कि कुछ ही देर बाद थाने के बाहर पंचायत के लोग जुट गए। आरोपी युवक को सार्वजनिक तौर पर सजा देने का निर्णय लिया। फरमान के अनुसार किशोरी ने आरोपी युवक के सिर पर जूते मारे।
कुछ लोगों द्वारा छेड़छाड़ के मामले में मौखिक रूप से सूचना दी गई थी। प्रार्थना पत्र मांगा गया तो कहा कि कार्रवाई नहीं चाहते हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
लोकेंद्र त्यागी, थाना प्रभारी कुढ़फतेहगढ़।