चंदौसी। संभल की शाही जामा मस्जिद बनाम हरिहर मंदिर मामले में मंगलवार को चंदौसी स्थित सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह के न्यायालय में सुनवाई होगी। इससे पहले 21 जुलाई को सुनवाई होनी थी लेकिन अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते सुनवाई नहीं हो सकी और न्यायालय ने सुनवाई के लिए अगली तारीख पांच अगस्त नियत कर दी थी।
संभल में 19 नवंबर 2024 को शाही जामा मस्जिद के हरिहर मंदिर होने के दावे को लेकर केला देवी मंदिर के महंत ऋषिराज गिरी, अधिवक्ता हरिशंकर जैन समेत आठ लोगों ने सिविल जज सीनियर डिवीजन जनपद संभल स्थित चंदौसी आदित्य सिंह के न्यायालय में वाद दायर किया था। 21 जुलाई दिन सोमवार को सुनवाई होनी थी। न्यायालय ने मुकदमे की सुनवाई के लिए अगली तारीख पांच अगस्त नियत कर दी है।
सिमरन गुप्ता के पक्षकार बनने के प्रार्थनापत्र पर भी आज होगी सुनवाई
संभल की शादी जामा मस्जिद के हरिहर मंदिर होने के दावे के मामले दायर किए गए मुकदमे में पक्षकार बनने के लिए गाजियाबाद के सिमरन गुप्ता ने सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह के न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया था। इसमें उनका कहना है कि हम सनातनी हैं हमें भी इस मुकदमे में पक्षकार बनाया जाए। इस मामले में भी मंगलवार को सुनवाई होगी।
ऑनलाइन ठगी के मामले में विदेशी नागरिक की आज होगी पेशी
चंदौसी। नगर के मोहल्ला बड़ा बाजार के रहने वाले राकेश पुत्र चंद्रपाल के साथ वर्ष 2024 में 12 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी हो गई थी। इस मामले में पीड़ित ने कोतवाली में एक विदेशी महिला बारा सूसेन व अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की विवेचना में बारा सूसेन के अलावा इजोला पाल का नाम सामने आया। दोनों ही विदेशी नागरिक हैं। इजोला पाल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है जबकि महिला मुरादाबाद जेल में बंद है। इस केस की सुनवाई सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य सिंह के न्यायालय में चल रही है। इस मामले में भी मंगलवार को पेशी होगी। संवाद