सौंधन। पंवासा ब्लॉक के तीन गांव नारंगपुर, गोहत और भमोरी पट्टी में बुखार से तप रहे लोगों की बृहस्पतिवार को जांच हुई। हरकत में आए स्वास्थ्य विभाग ने शिविर लगाकर मरीजों को दवा वितरण शुरू किया गया। कार्ड टेस्ट में दो रोगी डेंगू से पीड़ित निकले।
संवाद न्यूज एजेंसी ने 28 अक्तूबर को बुखार से कराह रहे लोग, नहीं लगाए जा रहे शिविर शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसमें बताया गया था कि गोहत गांव में हर दूसरे घर में बुखार के मरीज हैं। लोग झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराने को मजबूर थे। इसके बाद बृहस्पतिवार को जिला सर्विलांस अधिकारी मनोज चौधरी ने मामले का संज्ञान लिया। उन्होंने तुरंत एक टीम को गांव भेजा। गोहत में लगे शिविर में बुखार पीड़ितों के रक्त के नमूने लिए गए और दवाइयां बांटी गईं।
स्वास्थ्य टीम के अनुसार, शिविर में 24 डेंगू कार्ड टेस्ट किए गए, जिनमें दो पॉजिटिव मिले। 36 मलेरिया कार्ड टेस्ट निगेटिव पाए गए। बाकी मरीजों में सामान्य बुखार और वायरल के लक्षण थे, जिन्हें दवा देकर घर भेजा गया। शिविर में डॉक्टर शेखर त्यागी, डॉक्टर फातिमा, जयवीर सिंह और लैब टेक्नीशियन हेमंत कुमार मौजूद रहे।