बहजोई। कलक्ट्रेट के सामने एक निजी अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद डीएम के आदेश पर हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग अब नियमित रूप से निजी अस्पतालों की जांच करने का कार्य का रहा। इस दौरान मानक के अनुरूप व्यवस्था न मिलने पर सात अस्पताल संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
प्रभारी निरीक्षक विकास सक्सेना ने बताया कि बहजोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डा. सचिन वर्मा की ओर से दी गई तहरीर में बताया गया कि चेकिंग के दौरान नगर व ग्रामीण अंचलों में सात निजी अस्पताल/ नर्सिंग होम अनियमित तौर पर संचालित मिले। पूरे मामले में चिकित्साधीक्षक की तहरीर पर अलग-अलग संचालकों में शफीक अली, प्रशांत सागर, फिरोज, एन प्रताप सिंह, अनीश मलिक, महेश कुमार व फहीम मलिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बता दें कि जिला प्रशासन की सख्ती के बाद सीएमओ के आदेश के बाद बीती 10 मई 2022 को चिकित्साधीक्षक की ओर से नगर व ग्रामीण अंचलों में निजी अस्पतालों/ नर्सिंग होम में पहुंचकर पंजीकरण समेत दूसरे बिंदुओं को लेकर चेकिंग की गई थी।