सिरसी (संभल)। सिरसी में सय्यद जमालुद्दीन उर्फ दादा मखदूम के उर्स में मंगलवार को छठवें दिन आयोजित दंगल में पहलवानों ने जीत के लिए खूब दांवपेच लगाए। हरिद्वार के शास्त्री और बागपत के कालीचरण की कुश्ती सबसे रोमांचक रही। अंतिम क्षणों में हरिद्वार के शास्त्री ने कालीचरण को मात दी।
मंगलवार को पहली कुश्ती मेरठ के लंगड़ा पहलवान और दिल्ली के रंजीत पहलवान के बीच हुई। जिसमें लंगड़ा ने रंजीत को चित कर दिया। दूसरी कुश्ती कलियर शरीफ के मनसब और देहरादून के पहलवान बजरंग बली के बीच हुई। दोनों बराबरी पर छूटे। तीसरी कुश्ती कलियर शरीफ के पहलवान फकीर बाबा और चंबल घाटी के पहलवान कालिया के बीच हुई। निर्धारित समय तक चली यह कुश्ती भी बराबर रही। चौथी कुश्ती हरिद्वार के शास्त्री पहलवान और बागपत के कालीचरण पहलवान के बीच हुई। इस कुश्ती में शास्त्री ने जीत हासिल की। पांचवी कुश्ती अलीगढ़ के साबिर पहलवान और बुलंदशहर के जमशेद पहलवान के बीच हुई। यह कुश्ती बराबरी पर छूटी। छठी कुश्ती चंदौसी के पहलवान भूरा और बिजनौर के पहलवान रंगा के बीच हुई। इसमें भूरा ने जीत हासिल की। सातवीं कुश्ती फकीर बाबा और बागपत के पहलवान बलवीर के बीच हुई। इसमें फकीर बाबा ने जीत हासिल की। इस दौरान काफी संख्या में लोग दंगल देखने के लिए पहुंचे।