टयूबवेल कनेक्शन के लिए अवर अभियंता के पास कागज जमा करते किसान।
- फोटो : अमर उजाला
संभल डिवीजन के ग्रामीण क्षेत्र में निजी नलकूप कनेक्शन के उपभोक्ता बिजली विभाग के लगभग 27 करोड़ रुपये दबाए बैठे हैं। बकाया जमा नहीं करने पर विभाग ने कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। 151 कनेक्शन काटे गए हैं। जबकि 700 कनेक्शन पर कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है। विभाग द्वारा रिपोर्ट दर्ज भी कराई जाएगी।
ग्रामीण क्षेत्र में किसानों ने निजी नकलूप के जरिये बिजली फूंकी पर बकाया जमा करने के लिए कदम नहीं उठाए। ऐसे ही बकायेदारों को महकमे ने चिह्नित कर लिया है। लगातार दबाव बनाने के बावजूद बकाया जमा नहीं किया तो विभाग ने अभियान चलाकर कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अधिशासी अभियंता पंकज शर्मा ने बताया कि पिछले तीन दिनों में 151 कनेक्शन काटे गए हैं। इन पर करीब 2 करोड़ रुपये का बकाया है। 700 कनेक्शनों पर भी कार्रवाई प्रस्तावित है। इन कनेक्शनों पर 25 करोड़ रुपये का बकाया चल रहा है। अधिशासी अभियंता ने बताया कि अगर बकाया जमा नहीं किया तो ऐसे कनेक्शन धारकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इनके खिलाफ संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।