संभल-जोया मार्ग पर तेज रफ्तार निजी बस ने मदाला फत्तेहपुर गांव में सड़क किनारे एक मासूम को कुचल दिया। चीखपुकार सुनकर लोग दौड़े। उसको निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। डॉक्टर ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया। मुरादाबाद ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव मदाला फत्तेहपुर निवासी रक्शेपाक का सड़क के पास ही घर है। परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां थे। शनिवार शाम को उनका छोटा बेटा मोहम्मद अली आजम (5) घर के बाहर सड़क पर घूम रहा था। इस बीच संभल की ओर से अमरोहा जा रही तेज रफ्तार निजी बस के चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने के बाद मासूम को कुचल दिया। मासूम की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े। मासूम के परिजन भी आ गए। चालक मौके से बस लेकर भाग गया।
परिजनों ने आनन-फानन मासूम को उपचार के लिए निजी डाक्टर के यहां भर्ती कराया। मासूम की हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे मुरादाबाद रेफर कर दिया। रास्ते में ले जाते वक्त मासूम की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। थाना प्रभारी राजवीर यादव का कहना है कि तहरीर मिल गई है। अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।