सरायतरीन में बने हस्तशिल्प उत्पादों को देखते बायर।
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में संभल और सरायतरीन में तैयार हस्तशिल्प को विदेशियों ने पहले दिन खूब पसंद किया है। निर्यातकों को अब आने वाले चार दिनों में आर्डर मिलने की उम्मीद हैं। निर्यातक उम्मीदों से उत्साहित हैं और अपने उत्पाद की खास बातों को विदेशी बायर्स के बीच बता रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद ने हस्तशिल्प एवं उपहार मेले का आयोजन किया है। मेला 23 से 27 फरवरी तक चलेगा। मेले में संभल से कमल कौशल वार्ष्णेय, मोहम्मद गय्यूर, दीपक सर्राफ, सुहेल परवेज, मोहम्मद शारिक ने स्टाल सजाए हैं। इनमें घरेलू जरूरतों के सामान जैसे ट्रे, टी कोस्टर, कटलरी, फोटो फ्रेम, मिरर फ्रेम, टेबिल, बाथरूम एसेसरीज समेत कई उत्पाद प्रदर्शित किए हैं। पहले दिन विदेशी बायर्स ने स्टालों पर आकर उत्पादों को देखा है। पसंद किया है। नए डिजाइन में आए उत्पादों के रेट लिए हैं।
अब उम्मीद है कि उत्पादों का तुलनात्मक रेट लेने के बाद विदेशी बायर्स खरीदारी के बारे में निर्णय लेंगे। निर्यातकों ने बताया कि आमतौर पर मेले के अंतिम दिन तक आर्डर मिलते हैं। कई बार तो मेले में सिर्फ पूछताछ होती है और आर्डर बाद में मिलते हैं। इसलिए फिलहाल उम्मीदों का मेला है। वहीं विदेशी खरीदारों के आने से कारोबारी उत्साहित हैं।