संभल के बिछौली में मतदान के लिए लंबी कतार।
- फोटो : अमर उजाला
संभल जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के तहत गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान हुआ। पवांसा ब्लाक के बिछौली में प्रधान पद, असमोली के वार्ड 2, वार्ड 11, जुनावई के वार्ड 15 और रजपुरा के वार्ड 18 में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए सुबह 7 बजे से मतदाता वोट की आहुति देने को पहुंचे।
मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतार लगी दिखीं। दोपहर बाद तक मतदान हुआ। जिले में 63.70 प्रतिशत मतदान हुआ। गुरुवार सुबह 7 बजे से पुलिस और पीएसी की मुस्तैदी में मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्र पर पहुंचे महिला और पुरुष मतदाताओं को आईडी देखने के बाद मतदान कक्षों में प्रवेश कराया गया। विकास खंड पंवासा के बिछौली में प्रधान पद के लिए मतदान हुुआ। यहां उप जिलाधिकारी चंदौसी कोतवाली प्रभारी संभल अनिल समानिया रहे।
मतदान के बाद मतपेटिकाएं संबंधित विकास खंडों पर बने स्ट्रांग रूम में रखवा दी गईं। मतगणना 24 फरवरी को होगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शराफत हुसैन ने बताया कि पंवासा के बिछौली में प्रधान पद के लिए 75.90 प्रतिशत, असमोली के वार्ड 2 और वार्ड 11 से सदस्य क्षेत्र पंचायत पद के लिए 58.42 प्रतिशत, जुनावई के वार्ड 15 से सदस्य क्षेत्र पंचायत पद के लिए 58.09 प्रतिशत, रजपुरा के वार्ड 18 से सदस्य क्षेत्र पंचायत के लिए 63.23 प्रतिशत मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि जिले में मतदान का प्रतिशत 63.70 प्रतिशत रहा। बिछौली में कुल 2506 में 1820व मत पड़े। वहीं गवां में महिलाओं के साथ युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। प्राथमिक विद्यालय सैतुआ स्थित मतदान केंद्र के तीनों बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही।
प्रशासनिक अधिकारियों ने टीम के साथ बूथों का मौका मुआयना किया। सुबह से ही मतदान केंद्र पर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई। दोपहर बाद मतदान की रफ्तार थम गई। मतदान केंद्र पर एक युवक अपनी पत्नी का वोट डालने पहुंचा तो तहसीलदार संजय कुमार ने उसको पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोपी युवक के पक्ष में पहुंचे भाजपा विधायक के समर्थक व प्रत्याशी राजेश्वरी देवी के पति विजेंद्र सिंह ने विधायक का रौव दिखाते हुए युवक को छोड़ने की बात की, लेकिन मौके पर मौजूद एसडीएम ओमवीर सिंह ने साफ मना कर दिया।
हालांकि एक घंटे बाद युवक को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
वहीं करीब अस्सी वर्ष की एक बुजुर्ग महिला अनारो देवी को परिजन चारपाई से वोट डलवाने पहुंचे। बुजुर्ग महिला सही से हिलडुल भी नहीं पा रही थी। उनको एसडीएम चन्दौसी ओमवीर सिंह ने मतदान करने से रोक दिया। सीओ सुदेश कुमार भी सुरक्षा व्यवस्था देखने पहुंचे। क्षेत्र पंचायत के सैतुआ वार्ड-18 में सदस्य पद के लिए तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे। शाम को 64.9 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदाताओं ने त्रिस्तरीय उप चुनाव में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद कर दिया।